

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Anurag Singhdeo hits back over the Nakti controversy... 'No proposal for an MLA colony'... Accuses Congress of vitiating the atmosphere.
रायपुर। राज्य गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने रायपुर के नकटी (सम्मानपुर) गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस पर झूठा नैरेटिव गढ़ने और जनभावनाओं को भड़काने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को बलौदाबाजार जैसी स्थिति बनाने की कोशिश की गई, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में अनुराग सिंहदेव ने स्पष्ट किया कि नकटी गांव में विधायक कॉलोनी बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने कहा कि संबंधित भूमि अब भी राजस्व विभाग के अधीन है और उसका गृह निर्माण मंडल से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था की गई है और उन्हें सेक्टर-30 में स्थायी आवास उपलब्ध कराए गए हैं।
अनुराग सिंहदेव के अनुसार, नकटी गांव की कुल आबादी 2,110 है। यहां 22.736 हेक्टेयर शासकीय और 24.175 हेक्टेयर निजी भूमि है। वर्ष 2022 के पटवारी प्रतिवेदन में करीब तीन हेक्टेयर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण दर्ज था, लेकिन बाद के वर्षों में अवैध कब्जों का दायरा लगातार बढ़ता गया।
उन्होंने दावा किया कि कई लोगों ने 10 हजार से 29 हजार वर्गफीट तक सरकारी जमीन पर कब्जा कर 50 लाख रुपये तक की लागत से पक्के मकान बना लिए थे।
सिंहदेव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सेरीखेड़ी क्षेत्र में लगभग 150 अवैध कब्जे हटाए गए थे। इसके बाद वहां 61 विधायकों को जमीन आवंटित की गई, लेकिन अतिक्रमण हटाए जाने वाले परिवारों का पुनर्वास नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि उस समय 27 गांवों के लोग मुआवजे की मांग को लेकर 292 दिनों तक आंदोलन करते रहे, लेकिन तत्कालीन भूपेश सरकार ने उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, सुनील चौधरी और प्रवीण साहू भी मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि नकटी मामले को राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि सरकार नियमानुसार कार्रवाई और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास दोनों पर समान रूप से काम कर रही है।