

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Arun Govil becomes King Dasharatha; new poster released from ‘Ramayanam’ — the actor will be seen in a new avatar following his iconic portrayal of Ram.
मुंबई। नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म के मेकर्स ने अब अभिनेता अरुण गोविल का नया सोलो पोस्टर जारी किया है, जिसमें वह अयोध्या के राजा और भगवान राम के पिता राजा दशरथ के किरदार में नजर आ रहे हैं।
अरुण गोविल की इस भूमिका को खास इसलिए माना जा रहा है, क्योंकि उन्होंने टेलीविजन के प्रतिष्ठित धारावाहिक रामायण में भगवान राम का किरदार निभाकर कई पीढ़ियों के दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। अब बड़े पर्दे पर उसी महागाथा में वह भगवान राम के पिता दशरथ की भूमिका निभाते दिखाई देंगे।
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “एक समय उन्होंने एक पूरी पीढ़ी के लिए राम का किरदार जिंदा किया था। अब वह अयोध्या के राजा के रूप में रामायणम् की दुनिया में वापसी कर रहे हैं। अरुण गोविल बतौर राजा दशरथ।”
पोस्टर में अरुण गोविल शाही वेशभूषा में नजर आ रहे हैं। उनके लुक में राजा दशरथ के रुतबे और अयोध्या के सम्राट की गरिमा को उभारने की कोशिश की गई है। खास बात यह है कि जिस किरदार यानी भगवान राम को अरुण गोविल ने कभी आइकॉनिक बनाया था, अब उसी किरदार के पिता की भूमिका में उनका नजर आना दर्शकों के लिए भावनात्मक रूप से भी खास माना जा रहा है।
‘रामायणम्’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस महागाथा को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर तैयार किया जा रहा है।
फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगा। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज की जाएगी। इसे दुनियाभर में IMAX फॉर्मेट में भी रिलीज किया जाएगा।
अरुण गोविल का दशरथ के रूप में यह नया लुक सामने आने के बाद अब दर्शकों की नजरें फिल्म के अगले पोस्टर और अपडेट्स पर टिकी हैं।