

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Arun Sao hits back at Bhupesh Baghel’s remarks regarding the lighting of lamps on PM Modi's birthday, stating, 'If the Congress party's heart is burning, let it burn.'
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर लाखों दीप जलाए जाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सवाल पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जिन्हें जहां हिसाब मांगना है, वहां मांगें। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 140 करोड़ जनता के आशीर्वाद के दीप जल रहे हैं। कांग्रेस को जनसेवा से कोई लेना-देना नहीं है और जनता का प्यार देखकर उसका दिल जल रहा है तो जलता रहे।
मीडिया से चर्चा के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 25 वर्षों से लगातार जनसेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने एक भी दिन छुट्टी लिए बिना देश की सेवा की है। उनके जन्मदिन के अवसर पर देशभर में लोग दीप जलाकर उन्हें अपना आशीर्वाद देंगे।
अरुण साव ने कांग्रेस की टिप्पणियों पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को मिल रहे जनता के प्यार को देखकर कांग्रेस और ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ के दिल जल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक परिवार की चाकरी करने वाली पार्टी को जनता का प्यार और दुलार पसंद नहीं आएगा।
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर कांग्रेस द्वारा महंगाई और बेरोजगारी दिवस मनाए जाने के सवाल पर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस का दिल जल रहा है, इसलिए वह इसे दिखाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस महंगाई को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर पाकिस्तान को लेकर भी निशाना साधा। अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस का पाकिस्तान के प्रति प्रेम बार-बार सामने आता है। उन्होंने भूपेश बघेल और कांग्रेस नेताओं को पाकिस्तान जाकर वहां की महंगाई देखने की बात कही।
डिप्टी सीएम ने दावा किया कि भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल आर्थिक प्रबंधन के कारण दुनिया के मुकाबले महंगाई की स्थिति नियंत्रण में है।
CGPSC 2025 परीक्षा में दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार स्थगित किए जाने के मुद्दे पर भी अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर पीएससी में षड्यंत्र और घोटाले के आरोप लगे और जिनके तार बड़े लोगों से जुड़े होने की बात सामने आई, उन्हें भर्ती प्रक्रिया में घोटाले का आरोप लगाने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की कोशिश है कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित हों।
रावतपुरा फेस-2 में बिना लेआउट स्वीकृति के बनाए गए करीब 40 मकानों पर नगर निगम की कार्रवाई और बुलडोजर चलाए जाने के सवाल पर नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी बात रखी।
उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान ही अधिकारियों को सजग और अलर्ट रहना चाहिए। किसी भी अवैध निर्माण को शुरुआत में ही रोकने की जिम्मेदारी अधिकारियों की है। उन्होंने कहा कि जब भी अवैध निर्माण की जानकारी मिलती है, उसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।
अरुण साव ने अधिकारियों को निर्देशात्मक लहजे में कहा कि ऐसी स्थिति ही नहीं आनी चाहिए कि अवैध निर्माण पूरा होने के बाद कार्रवाई करनी पड़े। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि अवैध निर्माण होने ही न पाए।