

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

BEST bus accident in Mumbai: 13 people crushed while reversing, 4 dead, 9 injured
मुंबई। मुंबई में एक बार फिर BEST बस हादसे ने लोगों को झकझोर दिया है। सोमवार देर रात भांडुप पश्चिम स्टेशन रोड पर रिवर्स लेते समय एक BEST बस अनियंत्रित हो गई और सड़क पर मौजूद लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
रात 9:35 बजे हुआ हादसा, ड्राइवर हिरासत में
मुंबई पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना रात करीब 9:35 बजे हुई। हादसे के तुरंत बाद बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में घायल लोगों को राजावाड़ी अस्पताल और एम.टी. अग्रवाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजावाड़ी अस्पताल में 31 वर्षीय एक अज्ञात महिला को मृत घोषित किया गया, जबकि एम.टी. अग्रवाल अस्पताल में तीन अन्य लोगों की मौत की पुष्टि हुई। कुल मृतकों की संख्या चार हो गई है। वहीं 9 घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रिवर्स लेते समय हुआ हादसा
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस चालक भांडुप पश्चिम स्टेशन रोड पर बस को रिवर्स कर रहा था। इसी दौरान बस अनियंत्रित हो गई और वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों को संभालने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
फुटपाथ पर अतिक्रमण भी बना हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इलाके में फुटपाथ पर ठेलेवालों का अतिक्रमण होने के कारण पैदल यात्रियों को सड़क पर चलना पड़ता है। सस्ती सब्जियों और भीड़भाड़ के चलते यहां हमेशा लोगों की आवाजाही ज्यादा रहती है। इसी वजह से बस को यू-टर्न या रिवर्स लेने में परेशानी होती है और हादसे की आशंका बनी रहती है।