

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

BJP National Office-Bearers Meeting: Nitin Navin's first meeting with the new team; focus on organizational expansion and engaging the youth.
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शनिवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी की 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम के साथ पहली बैठक की। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने और केंद्र व भाजपा शासित राज्यों की कल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में नितिन नबीन ने पदाधिकारियों से युवाओं के साथ लगातार संवाद और आउटरीच बढ़ाने की अपील की। पार्टी की रणनीति युवाओं को संगठन से जोड़ने के साथ-साथ उनके मुद्दों को समझने और जमीनी स्तर पर सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की है।
पदाधिकारियों से कहा गया कि युवाओं के बीच नियमित संपर्क स्थापित किया जाए और उन्हें संगठन की गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रभावी कार्यक्रम चलाए जाएं।
राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक में नेताओं को ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ काम करने का संदेश दिया गया। पार्टी नेतृत्व ने संगठन की विचारधारा से जुड़े रहते हुए जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने और संगठन को लगातार मजबूत करने पर जोर दिया।
सार्वजनिक जीवन में अनुशासन, संयम और जिम्मेदार आचरण को भी महत्वपूर्ण बताया गया। बैठक में कहा गया कि पार्टी पदाधिकारियों का व्यवहार सीधे तौर पर संगठन की छवि को प्रभावित करता है।
बैठक में भाजपा के जमीनी संगठन को और प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया। बूथ स्तर तक संगठन की पहुंच मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय भूमिका देने की रणनीति पर चर्चा हुई।
इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए राज्यों में संगठनात्मक तैयारियों को तेज करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में केंद्र और भाजपा शासित राज्यों की कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे आम लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं और पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाने में मदद करें।
पार्टी की कोशिश सरकारी योजनाओं और उनके वास्तविक लाभ को जमीनी स्तर पर लोगों तक पहुंचाने की है।
राजनीतिक मुद्दों पर विपक्ष के आरोपों का जवाब तथ्यों के आधार पर देने को कहा गया। पदाधिकारियों से कहा गया कि वे पार्टी का पक्ष प्रभावी, संयमित और तथ्यात्मक तरीके से जनता के सामने रखें।
राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के सभी छह अंतरों के गायन के साथ हुई। इसके बाद संगठनात्मक मुद्दों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई।
नितिन नबीन शनिवार दोपहर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, प्रदेश अध्यक्षों और प्रदेश प्रभारियों के साथ भी महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।
नितिन नवीन के भाजपा अध्यक्ष बनने के 209 दिन बाद 17 अगस्त को 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की गई थी। नई टीम में 51 नए चेहरों को शामिल किया गया है। टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिव हैं।
अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात और पंजाब से कुल 18 नेताओं को नई टीम में जगह दी गई है। इनमें उत्तर प्रदेश से 8, उत्तराखंड से 4, गुजरात से 4 और पंजाब से 2 नेता शामिल हैं।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं वसुंधरा राजे, बैजयंत पांडा और तीरथ सिंह रावत जैसे अनुभवी नेताओं को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं।
पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और बीएल संतोष को संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है। वहीं अमित मालवीय की जगह दीपक म्हास्के को भाजपा आईटी सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा की 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम में कुल 12 महिलाओं को शामिल किया गया है। वसुंधरा राजे, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन दोशी, डॉ. भारती पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
वहीं स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिली है। कविता पाटीदार, फांग्नोन कोन्यक और संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। नई टीम में उत्तर प्रदेश की तीन और महाराष्ट्र की दो महिला नेताओं को भी जगह मिली है।
राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर देशभर में प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर एक और महत्वपूर्ण बैठक होगी।
इस बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, संगठन महामंत्री बीएल संतोष, कार्यक्रम संयोजक विनोद तावड़े सहित विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री शामिल होंगे। इसमें देशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों और व्यापक जनभागीदारी की रणनीति को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है।