

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Villagers chased away CJP spokesperson and activists over a school inspection; political rhetoric intensifies.
जयपुर। काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ‘स्कूल ठीक करो’ मुहिम के तहत शुक्रवार को जयपुर जिले के रामपुरा-कंवरपुरा गांव स्थित प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे पार्टी प्रवक्ता आशुतोष रांका और कार्यकर्ताओं को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्कूलों में प्रवेश और निरीक्षण को लेकर सरकार की ओर से नियम बनाए जाने के बावजूद पार्टी कार्यकर्ता बिना अनुमति स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे थे।
ग्रामीणों ने सीजेपी कार्यकर्ताओं के स्कूल पहुंचने पर आपत्ति जताई और उन्हें मौके से बाहर जाने को कहा। ग्रामीणों का कहना था कि स्कूल की समस्याओं को लेकर गांव के लोग स्वयं जिम्मेदारी उठाएंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों के हस्तक्षेप का विरोध किया।
ग्रामीणों ने कहा कि स्कूल भवन की मरम्मत के लिए विधायक कैलाश वर्मा की ओर से साढ़े 12 लाख रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। ऐसे में किसी बाहरी व्यक्ति या राजनीतिक दल को स्कूल के नाम पर राजनीति करने की जरूरत नहीं है। ग्रामीणों ने दावा किया कि वे स्कूल की मरम्मत और व्यवस्थाओं को लेकर खुद पहल करेंगे।
विरोध के बाद गांव से बाहर निकलकर मीडिया से बातचीत में सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि उनके साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने मारपीट की। रांका ने राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके इशारे पर कथित तौर पर लोगों को भेजा गया था।
रांका ने मांग की कि स्कूल की मरम्मत का काम 48 घंटे के भीतर शुरू किया जाए और उनके साथ कथित मारपीट करने वालों को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर सीजेपी आंदोलन करेगी।
घटना को लेकर कांग्रेस ने भी विरोध जताया और मामले की निंदा की। कांग्रेस नेताओं ने इसे मुद्दा बनाते हुए विधानसभा में हंगामा किया। स्कूल निरीक्षण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में बदलता नजर आ रहा है।