

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

BJP OBC Morcha's intellectual conference on September 7; CM Sai and Union Minister of State Tokhan Sahu to attend.
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के तत्वावधान में 7 सितंबर को रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज परिसर में प्रबुद्धजन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय मुख्य वक्ता होंगे।
भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अशोक सिन्हा ने पत्रकार वार्ता में आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन में समाज और प्रदेश के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार करने का प्रयास किया जाएगा।
अशोक सिन्हा ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य सामाजिक सहभागिता को मजबूत करना और समाज के प्रबुद्ध वर्ग तथा संगठन के बीच संवाद को अधिक प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी, श्यामबिहारी जायसवाल, लक्ष्मी राजवाड़े और टंकराम वर्मा सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। भाजपा के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी तथा विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
सिन्हा ने कहा कि यह सम्मेलन केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि उन प्रबुद्धजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, व्यवसाय, सामाजिक सेवा, कृषि, संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
सम्मेलन में रायपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों से भाजपा ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर आमंत्रण, अतिथि समन्वय, बैठक व्यवस्था, मंच व्यवस्था, स्वागत, यातायात और कार्यकर्ताओं की सहभागिता समेत विभिन्न तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पत्रकार वार्ता के दौरान पिछड़ा वर्ग मोर्चा के रायपुर संभाग प्रभारी चुन्नीलाल साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष देवदत्त साहू, प्रदेश एवं रायपुर जिला अध्यक्ष अखिलेश कश्यप तथा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी श्रवण यदु मौजूद रहे।