

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather: Monsoon active, temperature rises in Raipur; rain alert for several districts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, 5 सितंबर को राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। एक दिन में तापमान करीब छह डिग्री सेल्सियस बढ़कर 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि, बादलों की मौजूदगी और बारिश की संभावना के चलते मौसम सुहावना रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, 5 सितंबर को रायपुर में आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। दिन में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
शुक्रवार को प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। राजिम में सर्वाधिक 6 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा गोबरा नवापारा और कुरूद में 5-5 सेमी बारिश हुई।
भखारा, अभनपुर, मगरलोड, रायपुर शहर, पाटन और लाभांडीह में 4-4 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं दरिमा में 3 सेमी, जबकि धमतरी, माना रायपुर एयरपोर्ट, राजपुर, मंदिर हसौद, आरंग और छुरा में 2-2 सेमी बारिश दर्ज हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी मध्य प्रदेश के मध्य हिस्सों और उससे सटे दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र अभी उसी क्षेत्र में मौजूद है। इसके साथ चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। विभाग का अनुमान है कि यह मौसम प्रणाली अगले दो दिनों तक लगभग स्थिर रह सकती है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।