

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

BJP approaches police station against Amit Jogi
रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (JCC-J) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के एक सोशल मीडिया वीडियो को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत में विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के मुखौटे पहने किरदारों की सांकेतिक शादी और हनीमून के दृश्य दिखाए गए थे। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कड़ी आपत्ति जताई है।
मंगलवार को भाजपा विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता रायपुर के सिविल लाइंस थाने पहुंचे। यहां अमित जोगी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए FIR की मांग की गई। भाजपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करने की मांग की है।
दरअसल, अमित जोगी ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो में दोनों के मुखौटे पहने किरदारों को दिखाया गया और 'ज्ञानू-जानू की शादी' के नाम से सांकेतिक विवाह और हनीमून का दृश्य फिल्माया गया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी आलोचना शुरू हो गई।
विवाद बढ़ा तो अमित जोगी ने डिलीट किया वीडियो, मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया। उन्होंने पोस्ट के जरिए स्वीकार किया कि अपनी बात रखने का उनका तरीका सही नहीं था। जोगी ने कहा कि जिस संदेश को वह देना चाहते थे, उसे दूसरे तरीके से भी रखा जा सकता था।
उन्होंने यह भी कहा कि खुद का मजाक उड़ाकर अपनी बात रखना अलग है, लेकिन किसी के निजी रिश्ते या स्पेस को व्यंग्य का हिस्सा बनाना ऐसी सीमा है, जिसे वह पार नहीं करना चाहते। इसी वजह से उन्होंने वीडियो हटा दिया और जिन लोगों की भावनाएं आहत हुईं, उनसे माफी मांगी।
राजेश मूणत बोले- वीडियो बनाने और उसमें शामिल लोगों पर भी कार्रवाई हो
भाजपा विधायक राजेश मूणत ने कहा कि वीडियो में देश के प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त के किरदारों को लेकर बेडरूम के दृश्य दिखाए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिकायत में केवल अमित जोगी ही नहीं, बल्कि वीडियो की पटकथा लिखने वाले, उसे फिल्माने वाले कैमरामैन और इसमें भूमिका निभाने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है।
मूणत के मुताबिक, इस मामले को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
फिलहाल यह मामला राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है। एक तरफ भाजपा ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है, वहीं अमित जोगी वीडियो हटाकर सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके हैं। अब पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।