

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Barkha, wife of conman Deepak Tandon, arrested
रायपुर। छत्तीसगढ़ में धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के मामलों में आरोपी दीपक टंडन की पत्नी बरखा टंडन को तेलीबांधा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बरखा को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मोबाइल की फोटो गैलरी और चैट में पूर्व मंत्री, IAS और DSP से जुड़ी बातचीत के स्क्रीनशॉट मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
मामले में बिलासपुर पुलिस की हिरासत में मौजूद दीपक टंडन को प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर लाकर पूछताछ करने की तैयारी भी की जा रही है।
जमीन और फॉर्च्यूनर के नाम पर 56 लाख की ठगी
दीपक और बरखा टंडन के खिलाफ तेलीबांधा थाने में शराब कारोबारी आशीष जायसवाल की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के मुताबिक, दंपती ने जमीन बेचने का झांसा देकर 36 लाख रुपये लिए। इसके अलावा फॉर्च्यूनर कार बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये लेने का आरोप है। इस तरह दोनों पर कुल 56 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है।
कोयले का टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख लेने का आरोप
सक्ती जिले में भी दीपक टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। कोयला कारोबारी किशन शर्मा की शिकायत पर सक्ती कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोप है कि दीपक ने कोयले का बड़ा टेंडर दिलाने का झांसा देकर उनसे 15 लाख रुपये लिए, लेकिन न तो टेंडर दिलाया और न ही रकम वापस की।
होटल कब्जाने और सरकारी सील तोड़ने का भी आरोप
दीपक टंडन पर होटल और बैंक्वेट हॉल से जुड़े विवाद में भी गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि होटल की लीज समाप्त होने के बाद भी उसे खाली नहीं किया गया। संपत्ति पर कब्जा बनाए रखने और सरकारी सील तोड़कर अंदर घुसने का भी मामला सामने आया है।
शिकायत के मुताबिक, पूर्व विधायक सरिता बाजपेयी ने वर्ष 2021 में होटल और बैंक्वेट हॉल संचालन के लिए दीपक टंडन को लीज पर संपत्ति दी थी। लीज की अवधि समाप्त होने के बाद संपत्ति खाली नहीं की गई। बाद में नगर निगम ने 18 अगस्त 2026 को होटल को सील कर दिया था। आरोप है कि 23 अगस्त को सरिता बाजपेयी संपत्ति का कब्जा लेने पहुंचीं, तब दीपक टंडन और उसके कर्मचारियों ने कथित तौर पर सील तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
मोबाइल की जांच से खुल सकते हैं कई राज
बरखा टंडन की गिरफ्तारी के बाद जब्त मोबाइल पुलिस की जांच का अहम हिस्सा बन गया है। मोबाइल में मिले चैट और तस्वीरों के स्क्रीनशॉट में कई प्रभावशाली लोगों से बातचीत के संकेत मिलने की बात सामने आई है। पुलिस इनकी सत्यता और मामले से संबंध की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस का फोकस ठगी के मामलों, पैसों के लेनदेन और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका का पता लगाने पर है।