

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Bemetara-Balod District Court premises evacuated after receiving email threatening to blow it up
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ में न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला जारी है। बालोद जिला कोर्ट के बाद अब बेमेतरा के जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। न्यायालय के आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश आने के बाद प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गया और सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा बढ़ा दी गई और बम स्क्वॉड तथा डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू कर दी गई। इसके साथ ही कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई। एहतियात के तौर पर एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर तैनात की गई है।
ई-मेल के जरिए मिली धमकी
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे जिला एवं सत्र न्यायालय के आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश आया। इसके बाद तुरंत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह ई-मेल “सौरभ विश्वास” नाम की आईडी से भेजा गया है। पुलिस इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की तैयारी कर रही है और साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है।
भीड़भाड़ वाला इलाका, बढ़ाई गई निगरानी
जिला कोर्ट परिसर के आसपास तहसील कार्यालय, कचहरी, सरकारी दफ्तर और कई दुकानें स्थित हैं, जिससे यह इलाका हमेशा भीड़भाड़ वाला रहता है। इसी वजह से प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी है।
आरोपी की तलाश में जुटी साइबर टीम
पुलिस और साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी विचार किया जा रहा है।