

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Opium cultivation case heats up in Durg, CM says strict action will be taken against culprits
रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता के फार्महाउस में अफीम की खेती का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य में सरकार बनने के बाद से हर तरह के अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फार्महाउस से लाखों अफीम के पौधे जब्त
पुलिस के अनुसार समोदा गांव में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के फार्महाउस में करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 14 लाख 30 हजार अफीम के पौधे जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 7.88 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
चार आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने भाजपा नेता विनायक ताम्रकार (58), विकास विश्नोई (27), मनीष ठाकुर और अचला राम जाट (28) को गिरफ्तार किया है। जांच में यह भी सामने आया है कि फार्महाउस में राजस्थान से आए मजदूर काम कर रहे थे और सुरक्षा के लिए बाउंसर भी तैनात किए गए थे। पुलिस इस मामले की जांच NDPS Act के तहत कर रही है।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
इस मुद्दे को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए गृहमंत्री विजय शर्मा को बर्खास्त करने की मांग की।
विधानसभा में भी उठा मामला
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान शून्यकाल में नेता प्रतिपक्ष चरनदास महंत ने कहा कि राजधानी से करीब 50 किलोमीटर दूर निजी जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी और यह सामूहिक संरक्षण में हो रहा है।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भुपेश बघेल ने आरोप लगाया कि एफआईआर में मुख्य आरोपी का नाम पीछे रखा गया है, जिससे मामले में लीपापोती की आशंका पैदा होती है। उन्होंने कहा कि यह घटना दिखाती है कि प्रदेश में अब सिर्फ नशे का व्यापार ही नहीं, बल्कि खेती भी शुरू हो गई है।
निष्पक्ष जांच का भरोसा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।