

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bengal Election 2026 Phase-1 Voting: Voting on 152 seats in the first phase, violence and EVM malfunction at many places
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण की वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है। राज्य की 152 विधानसभा सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। निर्वाचन आयोग के मुताबिक सुबह 9 बजे तक करीब 18.76% से 19% तक मतदान दर्ज किया गया है। कई जिलों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
मालदा, बीरभूम और आसनसोल में लंबी कतारें
मालदा, बीरभूम और आसनसोल जैसे इलाकों में मतदाता सुबह से ही बड़ी संख्या में मतदान करने पहुंचे। गर्मी और सुरक्षा जांच के बावजूद लोगों में मतदान को लेकर उत्साह साफ नजर आ रहा है।
मुर्शिदाबाद में देसी बम हमला, कई घायल
मुर्शिदाबाद जिले के नौदा इलाके में देसी बम से हमला होने की खबर है, जिसमें कई लोग घायल हो गए हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है। चुनाव आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
मालदा में TMC-BJP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
मालदा जिले के मोथाबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में बूथ नंबर 55 पर वोटिंग शुरू होने में देरी के बाद हंगामा हो गया। यहां TMC और BJP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबर है। बालुआचारा हाई स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर EVM खराब होने के कारण स्थिति और बिगड़ गई। सेक्टर अधिकारी के देर से पहुंचने पर नाराज मतदाताओं ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की की।
कूच बिहार में 6 बूथों पर मतदान रुका
कूच बिहार उत्तर विधानसभा क्षेत्र के छह मतदान केंद्रों पर तकनीकी खराबी के चलते मतदान अस्थायी रूप से रोक दिया गया। कुछ जगहों पर कंट्रोल यूनिट खराब हो गई, जबकि कई केंद्रों पर VVPAT मशीन लॉक हो गई। अंगारकाटा प्राइमरी स्कूल के बूथ नंबर 3/154 पर भी ऐसी ही समस्या सामने आई।
मुर्शिदाबाद में EVM खराबी से मतदान प्रभावित
मुर्शिदाबाद के बेलडांगा विधानसभा क्षेत्र में पारसालिका मदनमोहन प्राथमिक विद्यालय के बूथ नंबर 156 पर EVM में खराबी आने के कारण मतदान रोकना पड़ा। तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया है।
पश्चिम मिदनापुर में सबसे ज्यादा मतदान
सुबह 9 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार पश्चिम मिदनापुर जिले में सबसे अधिक 20.51% मतदान दर्ज किया गया, जबकि मालदा में सबसे कम 16.96% मतदान हुआ है।
सुरक्षा के बीच चुनाव, आयोग की तैयारियों पर सवाल
हालांकि भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है, लेकिन कई जगहों पर हिंसा और तकनीकी गड़बड़ियों ने चुनाव आयोग की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।