

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

West Bengal Elections 2026: Brisk polling in first phase, 41.11% voter turnout till 11 am
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में गुरुवार को जोरदार मतदान देखने को मिला। सुबह 7 बजे शुरू हुए मतदान में 11 बजे तक 41.11% वोटिंग दर्ज की गई। राज्य के 152 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान जारी है, जहां मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम, 2.5 लाख जवान तैनात
निर्वाचन आयोग ने पहले चरण को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए हैं। केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की करीब 2,450 कंपनियां यानी लगभग 2.5 लाख जवान तैनात किए गए हैं। 8,000 से अधिक मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है, जबकि मालदा, मुर्शिदाबाद, उत्तर दिनाजपुर, कूचबिहार, बीरभूम और पूर्व बर्धमान जिलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
3.60 करोड़ से ज्यादा मतदाता करेंगे फैसला
पहले चरण में करीब 3.60 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इनमें लगभग 1.75 करोड़ महिला मतदाता और 465 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखी गईं, जो लोकतंत्र के प्रति जनता की सक्रिय भागीदारी को दर्शाती हैं।
पीएम मोदी की अपील: रिकॉर्ड मतदान करें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने खास तौर पर युवाओं और महिलाओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया।
पहले चरण की राजनीतिक अहमियत
पहले चरण को राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें उत्तर बंगाल की 54 सीटें शामिल हैं। यही क्षेत्र 2019 लोकसभा चुनाव और 2021 विधानसभा चुनाव में भाजपा के उभार का केंद्र रहा था। 2021 में इन 152 सीटों में से भाजपा ने 59 सीटें जीती थीं, जबकि तृणमूल कांग्रेस को 93 सीटों पर जीत मिली थी।
बीजेपी बनाम टीएमसी: कांटे की टक्कर
2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 77 सीटें जीतकर मजबूत चुनौती पेश की थी। इस बार भी पार्टी सत्ता परिवर्तन का दावा कर रही है। वहीं तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि भाजपा 50 सीटों के आंकड़े को भी पार नहीं कर पाएगी।