

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bhilai Congress holds silent protest against the theft of donation money from the Ayodhya Ram Mandir.
भिलाई नगर। अयोध्या के राम मंदिर में दान और चढ़ावे की राशि में कथित चोरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई ने मंगलवार को सेक्टर-9 स्थित हनुमान मंदिर के सामने मौन प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंदिर के पुजारियों के माध्यम से भगवान हनुमान को अर्जी सौंपकर कथित दोषियों को उनके कर्मों के अनुसार दंड देने की प्रार्थना की।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में शाम करीब 5 बजे बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मंदिर परिसर पहुंचे। सभी ने विरोध स्वरूप मुंह पर काली पट्टी बांध रखी थी और करीब आधे घंटे तक मौन प्रदर्शन किया। इसके बाद पंडित घटोत्कच शुक्ला सहित अन्य ब्राह्मणों के माध्यम से मंदिर के भीतर जाकर अर्जी सौंपी गई।


प्रदर्शन में पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व विधायक बी.डी. कुरैशी, महापौर नीरज पाल, पूर्व महापौर नीति लोधी, जितेंद्र साहू, बृजमोहन सिंह, अतुल साहू, सीजू एंथोनी, संदीप निरंकारी सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुकेश चंद्राकर ने क्या कहा
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि राम मंदिर में दान और चढ़ावे की राशि की जिस तरह कथित चोरी हुई है, वह बेहद शर्मनाक है। उनका आरोप था कि केंद्र सरकार इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है, इसलिए न्याय की उम्मीद अब भगवान हनुमान से की जा रही है। उन्होंने कहा कि भगवान ही दोषियों को उनके कर्मों के अनुसार दंड दें और श्रद्धालुओं की आस्था की रक्षा करें।
ताम्रध्वज साहू बोले- असली जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो
पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि मामला गंभीर होने के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं हो रही है। उनका आरोप था कि छोटे लोगों को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है, जबकि वास्तविक दोषी बच रहे हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक जिम्मेदारों को कड़ी सजा दी जाए।


अर्जी में क्या लिखा गया
हनुमान मंदिर में सौंपी गई अर्जी में कहा गया कि अयोध्या में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु भगवान राम के चरणों में श्रद्धा और आस्था के साथ दान अर्पित करते हैं। यह केवल धन नहीं, बल्कि करोड़ों सनातनियों की भावनाओं का प्रतीक है। अर्जी में आरोप लगाया गया कि कुछ लालची लोगों ने इस पवित्र दान की चोरी कर श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाई है। भगवान हनुमान से प्रार्थना की गई कि ऐसे लोगों को सद्बुद्धि दें और उनके कर्मों के अनुसार दंड दें ताकि धर्म और श्रद्धा की रक्षा हो सके।
शिखा रॉय सिंह का बयान
जिला सचिव शिखा रॉय सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने "राम भक्तों की यही पुकार, चढ़ावे का दो सही हिसाब" की मांग को लेकर यह मौन प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ियों के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसलिए भगवान हनुमान से न्याय की गुहार लगाई गई है ताकि दोषियों का पर्दाफाश हो सके।