

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bhilai woman suspicious death Mangata resort
राजनांदगांव जिले में स्थित मनगटा रिसॉर्ट में एक 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में सोमनी पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने रिसॉर्ट संचालक आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु सहित तीन आरोपियों को दुष्कर्म और अन्य धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही घटना से जुड़े व्हिसलिंगवुड्स रिसॉर्ट को भी पुलिस द्वारा सील कर दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भिलाई की रहने वाली 24 वर्षीय युवती और मुख्य आरोपी आशुतोष हिरवानी पहले से एक-दूसरे से परिचित थे। 17 जून को आरोपी आशुतोष, छत्रपाल और घनश्याम युवती को अपने साथ रायपुर ले गए थे।
आरोप है कि रास्ते में युवती को जबरन शराब पिलाई गई। इसके बाद सभी आरोपी रायपुर के एक क्लब पहुंचे और वहां से देर रात वापस राजनांदगांव के मनगटा रिसॉर्ट लौटे। रिसॉर्ट पहुंचने पर युवती की मदहोशी की हालत का फायदा उठाते हुए मुख्य आरोपी आशुतोष ने उसके साथ शारीरिक संबंध (दुष्कर्म) बनाए। इस दौरान युवती को चोटें भी आईं।
बताया जा रहा है कि रिसॉर्ट में कुल सात लोग मौजूद थे। 18 जून की सुबह करीब 5:30 बजे जब वे मृतका को बुलाने गए, तो वह बाथरूम में बेहोश पड़ी मिली। उसे तुरंत अचेत अवस्था में मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंद्री लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवती की मौत 18 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। पुलिस की शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। सघन जांच के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।