

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bhupesh Baghel attacks over alleged irregularities in Ram Mandir Trust.
दुर्ग। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को दुर्ग के राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिजली बिल बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरने के साथ ही राम मंदिर ट्रस्ट में कथित अनियमितताओं को लेकर भी भाजपा और उससे जुड़े संगठनों पर तीखा हमला बोला।
प्रेस वार्ता में ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजेंद्र साहू सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भूपेश बघेल ने कहा कि देश में लोगों की धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के नाम पर आर्थिक अनियमितताएं सामने आ रही हैं और जनता सब देख रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "राम नाम की लूट है, लूट सके तो लूट। अब राम के नाम पर जो लूट रहे हैं, वे सब चंपत हो रहे हैं। सोशल मीडिया में भी लोग सवाल उठा रहे हैं कि सोमनाथ मंदिर को गजनवी ने लूटा था और अब राम मंदिर को कौन लूट रहा है?"
उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन खरीद से लेकर चढ़ावे तक के मामलों में कथित गड़बड़ियों की चर्चाएं हो रही हैं, जिससे करोड़ों राम भक्तों की आस्था को ठेस पहुंची है। बघेल ने कहा कि जनता इन घटनाओं को देख और समझ रही है।
भूपेश बघेल ने इस मुद्दे पर विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बजरंग दल की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों पर मुखर होने वाले संगठन इस मामले में मौन क्यों हैं। उन्होंने पूछा कि यदि उनकी कोई भागीदारी नहीं है तो वे इस मुद्दे पर आवाज क्यों नहीं उठा रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर राम मंदिर और धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दों पर सियासी बहस तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।