

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Congress launches protest against electricity tariff hikes and smart meters; Bhupesh speaks out.
दुर्ग। बिजली बिल में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के मुद्दे को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel ने गुरुवार को दुर्ग स्थित राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजेंद्र साहू समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
बिजली दर वृद्धि पर सरकार को घेरा
भूपेश बघेल ने कहा कि राज्य की जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है, ऐसे में बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी ने आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 पैसे से 50 पैसे प्रति यूनिट, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 पैसे से 40 पैसे प्रति यूनिट और कृषि पंपों के लिए 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है।

उन्होंने दावा किया कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार ने पांच बार बिजली दरों में वृद्धि की है, जिससे कुल मिलाकर बिजली बिल में 31.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। बघेल ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में एक बार भी बिजली दर नहीं बढ़ाई गई थी और 'बिजली बिल हाफ योजना' के जरिए लोगों को राहत दी जाती थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने वह योजना बंद कर दी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "महंगाई, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और किसानों की बढ़ती लागत के बीच बिजली दरों में वृद्धि करना जनता के जले पर नमक छिड़कने जैसा है।" उन्होंने राज्य सरकार से बिजली दर वृद्धि का निर्णय वापस लेने और वैट में कमी करने की मांग की।
नीट और पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार पर हमला
भूपेश बघेल ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार को भी घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में एक भी बड़ी परीक्षा बिना विवाद और पेपर लीक के नहीं हो पाई है।

उन्होंने कहा कि लगातार हो रही गड़बड़ियों से छात्र-छात्राएं अवसाद में हैं और कई छात्रों ने आत्महत्या तक कर ली है। बघेल ने कहा कि अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज लेने वाले अभिभावकों के साथ अन्याय हुआ है और इसके लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए।
मोदी सरकार के कार्यकाल को बताया ‘काला अध्याय’
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को देश के इतिहास का "काला अध्याय" बताते हुए कहा कि इसी दौर में नोटबंदी, जीएसटी और लॉकडाउन जैसी घटनाएं हुईं, जिनका खामियाजा देश की जनता को भुगतना पड़ा। उन्होंने महंगाई और विदेश नीति के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार की आलोचना की।
दल-बदल और लोकतंत्र पर भी उठाए सवाल
भूपेश बघेल ने सांसदों के दल-बदल को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष लोकतंत्र को कमजोर कर रहा है और सांसदों-विधायकों की खरीद-फरोख्त की राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास पेंशन और कर्मचारियों के वेतन के लिए धन नहीं है, लेकिन राजनीतिक जोड़तोड़ के लिए संसाधनों की कमी नहीं है।
राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे की दी जानकारी
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भूपेश बघेल ने कांग्रेस नेता Rahul Gandhi के आगामी छत्तीसगढ़ दौरे की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी 21 जून को नियमित विमान सेवा से रायपुर पहुंचेंगे और करीब चार से पांच घंटे राज्य में प्रवास के बाद वापस लौट जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन के नव-नियुक्त जिला अध्यक्ष 20 जून को रायपुर पहुंचेंगे और राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होंगे।