

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Big Crime, Short Story: Episode 3 of Vipul Amrutlal Shah’s series released; in ‘The Love Letter’, a letter will unravel the mystery of a murder.
मुंबई। फिल्ममेकर विपुल अमृतलाल शाह और उनके प्रोडक्शन हाउस सनशाइन पिक्चर्स की वीकली क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘बड़ा जुर्म छोटी कहानी’ का तीसरा एपिसोड रिलीज हो गया है। ‘फाइल 3: द लव लेटर’ नाम के इस एपिसोड में एक पुरानी प्रेम चिट्ठी, एक रहस्यमयी हत्या और उसके पीछे छिपे सच की कहानी दिखाई गई है।
शॉर्ट-फॉर्म डिजिटल प्रोजेक्ट ‘अनकही’ को मिली प्रतिक्रिया के बाद सनशाइन पिक्चर्स ने इस नई सीरीज के जरिए हर सप्ताह एक नई क्राइम कहानी पेश करने का सिलसिला शुरू किया है। सनशाइन डिजिटल के क्रिएटिव हेड संजय उपाध्याय के नेतृत्व में तैयार की गई यह AI-पावर्ड सीरीज हर गुरुवार सनशाइन पिक्चर्स के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर रिलीज होती है।
तीसरे एपिसोड की शुरुआत रिटायर्ड स्कूल टीचर महेश वर्मा की रहस्यमयी मौत से होती है। उनका शव स्टडी रूम में मिलता है और टेबल पर एक रोमांटिक चिट्ठी बरामद होती है। यह चिट्ठी शालिनी नाम की महिला के नाम लिखी गई होती है।
शुरुआती जांच में पुलिस को शक होता है कि महेश की मौत उनके पुराने प्रेम संबंध से जुड़ी हो सकती है। उनके बेटे अमित को भी यही लगता है। लेकिन फॉरेंसिक जांच के दौरान कहानी पूरी तरह बदल जाती है।
जांच में सामने आता है कि चिट्ठी कई दशक पुरानी नहीं, बल्कि महेश की हत्या से कुछ दिन पहले ही लिखी गई थी। इसके बाद पुलिस महेश की जिंदगी और उनके संबंधों की गहराई से पड़ताल शुरू करती है।
जांच के दौरान चिट्ठी में छिपा एक कोड सामने आता है। इसके बाद पता चलता है कि यह महज प्रेम पत्र नहीं, बल्कि महेश द्वारा अपनी मौत के बाद सच सामने लाने की आखिरी कोशिश थी।
‘द लव लेटर’ में क्राइम और मिस्ट्री के साथ भावनात्मक पहलू को भी जोड़ा गया है। कहानी यह सवाल उठाती है कि जो सच आंखों के सामने दिखाई देता है, जरूरी नहीं कि वास्तविकता भी वही हो।
एपिसोड के अंत में माता-पिता और बच्चों के रिश्ते से जुड़ा एक भावुक संदेश कहानी को अलग आयाम देता है। अचानक आने वाले ट्विस्ट और पहेली की तरह आगे बढ़ती जांच के कारण ‘द लव लेटर’ दर्शकों को अंत तक बांधे रखने की कोशिश करती है।
तीसरे एपिसोड के साथ अब दर्शकों की नजर ‘बड़ा जुर्म छोटी कहानी’ की अगली फाइल पर है, जिसमें एक और नई क्राइम कहानी और रहस्य देखने को मिलेगा।