

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Tumbbad 2: Sohum Shah visits the same *wada*, shares photos; old secrets reignite fans' excitement.
मुंबई। फिल्म ‘तुम्बाड 2’ को लेकर दर्शकों का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच एक्टर और प्रोड्यूसर सोहम शाह ने फिल्म के पहले पार्ट से जुड़ी यादें ताजा कर दी हैं। सोहम शाह ने ‘तुम्बाड’ की शूटिंग वाली ऐतिहासिक वाड़ा की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं, जिनमें वह उसी आइकॉनिक दरवाजे और सीढ़ियों के पास पोज देते नजर आ रहे हैं।
सोहम शाह की इन तस्वीरों ने फैंस को 2018 में रिलीज हुई ‘तुम्बाड’ की डरावनी और रहस्यमयी दुनिया की याद दिला दी है। फिल्म में यही वाड़ा कहानी का अहम हिस्सा था और कई महत्वपूर्ण घटनाएं इसी जगह के इर्द-गिर्द घटती थीं।
‘तुम्बाड’ की कहानी में वाड़ा वह जगह थी, जहां देवी की कोख और हस्तर से जुड़ा रहस्य सामने आया था। फिल्म का महत्वपूर्ण हिस्सा और क्लाइमैक्स भी इसी लोकेशन से जुड़ा था। ऐसे में सोहम शाह का दोबारा इसी जगह पहुंचना फैंस के बीच कई सवाल खड़े कर रहा है।
वाड़ा की रेकी के दौरान टीम को पहली फिल्म में इस्तेमाल की गई आटे की गुड़ियों के ओरिजिनल मोल्ड्स भी मिलने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि ये मोल्ड्स पहली फिल्म की शूटिंग के बाद से वहीं रखे हुए थे और वर्षों से किसी ने उन्हें छुआ नहीं था।
‘तुम्बाड 2’ की कास्टिंग भी फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा रही है। फिल्म में आलिया भट्ट और नवाजुद्दीन सिद्दीकी की एंट्री की जानकारी सामने आ चुकी है। दोनों फिल्म में अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे, जबकि सोहम शाह एक बार फिर कहानी का हिस्सा होंगे।
पहली फिल्म में सोहम शाह ने मुख्य भूमिका निभाई थी। अपनी अनोखी विजुअल स्टाइल, लोककथा और भयावह माहौल के कारण ‘तुम्बाड’ ने समय के साथ कल्ट फिल्म का दर्जा हासिल किया। 2024 में दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज होने पर भी फिल्म को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला था।
‘तुम्बाड 2’ का निर्माण सोहम शाह अपने बैनर सोहम शाह फिल्म्स के तहत कर रहे हैं। फिल्म को पेन स्टूडियोज का भी समर्थन मिल रहा है। निर्देशन की जिम्मेदारी आदेश प्रसाद संभाल रहे हैं।
फिल्म को पहले पार्ट से बड़े सिनेमाई स्केल पर तैयार करने की तैयारी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि ‘तुम्बाड 2’ की कहानी पुराने वाड़ा और हस्तर के रहस्य से आगे बढ़ेगी या दर्शकों को एक नई डरावनी दुनिया में ले जाएगी।
‘तुम्बाड 2’ 3 दिसंबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।