

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Big relief for farmers: Paddy procurement tokens can now be generated from home via mobile—learn the complete process.
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान बेचने की तैयारी कर रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश में धान खरीदी के लिए ‘तुंहर टोकन’ ऐप और ऑनलाइन पोर्टल की सुविधा शुरू हो गई है। अब किसानों को धान बेचने के लिए टोकन कटवाने के लिए समितियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। किसान घर बैठे अपने मोबाइल से ही ऑनलाइन टोकन बुक कर सकेंगे। नई व्यवस्था से किसानों का समय बचेगा और धान खरीदी की प्रक्रिया भी आसान होगी।
गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकेंगे ऐप
धान खरीदी के लिए किसानों को ऑनलाइन टोकन की सुविधा देने के उद्देश्य से ‘तुंहर टोकन’ ऐप शुरू किया गया है। किसान इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। ऐप के माध्यम से किसान अपनी सुविधा के अनुसार धान बेचने के लिए खरीदी की तारीख चुनकर टोकन बुक कर सकेंगे। इससे समितियों में लंबी कतारों में लगने और बार-बार चक्कर लगाने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा।
70 प्रतिशत टोकन मोबाइल ऐप से होंगे जारी
नई व्यवस्था के तहत कुल टोकन में से 70 प्रतिशत मोबाइल ऐप के माध्यम से जारी किए जाएंगे, जबकि शेष 30 प्रतिशत टोकन समितियों के जरिए मिलेंगे। जिन किसानों को मोबाइल ऐप से टोकन बुक करने में परेशानी होगी, वे समिति पहुंचकर टोकन प्राप्त कर सकेंगे। यानी ऑनलाइन सुविधा के साथ ऑफलाइन विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
रकबे के हिसाब से मिलेंगे टोकन
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। वहीं, किसानों के पंजीकृत रकबे के अनुसार टोकन की संख्या निर्धारित की गई है।
- 1 से 5 एकड़ तक: एक टोकन
- 5 से 10 एकड़ तक: दो टोकन
- 10 एकड़ से अधिक: तीन टोकन
15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। इसके लिए 10 नवंबर से टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। किसान अब घर बैठे अपनी सुविधा के अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे और तय तारीख पर खरीदी केंद्र में धान बेच सकेंगे।
सरकार की इस पहल का उद्देश्य धान खरीदी व्यवस्था को डिजिटल और सुविधाजनक बनाना है, ताकि किसानों को टोकन के लिए समितियों के चक्कर न लगाने पड़ें और खरीदी केंद्रों में भीड़ कम हो सके।