

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bike-borne miscreants arrested in Jagdalpur: Purse snatched after dragging a young woman for 50 meters; 9 incidents solved.
जगदलपुर। जगदलपुर में महिलाओं को निशाना बनाकर लगातार झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक बाइक सवार बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 2 जुलाई की शाम एक युवती से पर्स छीनने की कोशिश की। युवती ने विरोध किया तो आरोपी उसे करीब 50 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले गया। घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजमन यादव (19) के रूप में हुई है, जो ग्राम कुथर, थाना मारडूम का निवासी है। वह बाइक पर नकाब लगाकर शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमता था और सुनसान जगहों पर बैग लेकर जा रही महिलाओं और युवतियों को अपना निशाना बनाता था। आरोपी पीछे से तेज रफ्तार बाइक लेकर पहुंचता, झपटमारी करता और मौके से फरार हो जाता था।
जांच में सामने आया कि आरोपी छीने गए बैग से नकदी और कीमती सामान निकालने के बाद बैग और मोबाइल फोन सुनसान जगहों पर फेंक देता था। उसकी वारदात का तरीका हर बार लगभग एक जैसा था, जिससे पुलिस ने उसकी गतिविधियों का पैटर्न तैयार किया।

28 जून को सिरहासार चौक के पास पहली झपटमारी की शिकायत दर्ज होने के बाद 2 जुलाई और 5 जुलाई को भी इसी तरह की घटनाएं सामने आईं। लगातार बढ़ती वारदातों को देखते हुए कोतवाली पुलिस और साइबर टीम को अलर्ट किया गया। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई तथा संदिग्धों पर नजर रखी गई।
6 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध युवक दलपत सागर से पावर हाउस चौक की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और साइबर टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने कोतवाली थाना क्षेत्र में 5 और बोधघाट थाना क्षेत्र में 4 समेत कुल 9 झपटमारी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी दोस्तों के साथ घूमने-फिरने और खर्च के लिए पैसे जुटाने की नीयत से झपटमारी करता था। उसके कब्जे से 8 बैग, 3 मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित करीब 2.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है।
थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब बरामद सामान को उसके वास्तविक मालिकों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।