

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bilaspur Accident: Speeding truck runs over three youths on a motorcycle, killing them on the spot; vehicle dragged them for 30 feet.
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जूनापारा पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने एक ही बाइक पर सवार तीनों युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक बाइक को करीब 30 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवकों की मौत हो गई।
घटना तखतपुर थाना क्षेत्र के जूनापारा पुलिस चौकी के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों युवक एक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद ट्रक बाइक को काफी दूर तक घसीटता रहा। टक्कर में तीनों युवकों को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
हादसे की खबर मिलते ही मौके पर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर जूनापारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों में संपर्क कर मृतकों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
फरार ट्रक चालक की तलाश में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मुख्य मार्गों और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रक और आरोपी चालक की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।