

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

President Droupadi Murmu released a commemorative coin of Rs 200 in honor of Mata Sahib Hasi Devi.
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता साहिब हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और सिंधी समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर जारी यह सिक्का उनके आध्यात्मिक योगदान और जीवन मूल्यों को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
पूज्य शदाणी दरबार रायपुर की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा यह विशेष स्मारक सिक्का जारी किया गया है। सिंधी समाज की इस महान विभूति के सम्मान में सिक्का जारी होना समाज के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है। यह देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी समाज के लोगों के लिए गर्व का विषय है।
भारत सरकार द्वारा जारी इस विशेष सिक्के पर पूज्य माता साहिब हासी देवी की छवि अंकित की गई है। सिक्के के एक ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। इस स्मारक सिक्के के माध्यम से माता साहिब हासी देवी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
स्मारक सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक इसे पूज्य शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से बुक कर सकेंगे। इस पहल से माता साहिब हासी देवी के प्रति श्रद्धा रखने वाले लोगों और स्मारक सिक्कों के संग्रह में रुचि रखने वालों को इसे प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। समारोह में राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू उपस्थित रहे।
इसके अलावा मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना सहित वरिष्ठ अधिकारी, पूज्य शदाणी दरबार के सदस्य, देशभर से आए जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर जारी यह स्मारक सिक्का उनके आध्यात्मिक जीवन और समाज के प्रति योगदान को याद करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। इस पहल से उनकी विरासत और विचारों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के साथ ही सिंधी समाज की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा को भी सम्मान मिला है।