

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bilaspur police arrested the driver for performing a stunt with a girl on the roof of a moving car.
बिलासपुर। सड़क पर खतरनाक स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। तेज रफ्तार कार की छत पर युवती को बैठाकर स्टंटबाजी करने वाले एर्टिगा चालक को कोनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर लापरवाही से वाहन चलाने और लोगों की जान खतरे में डालने का आरोप लगा है।
रात में सड़क पर दौड़ती रही स्टंट वाली कार
पुलिस के मुताबिक 24 मई की रात करीब 11:10 बजे से 25 मई की रात 12:30 बजे के बीच सफेद रंग की एर्टिगा कार रतनपुर-रायपुर मार्ग के निरतु इलाके में तेज रफ्तार से घूमती रही।आरोप है कि चालक ने कार की छत पर एक युवती को बैठाकर स्टंट किया और बेहद लापरवाही से वाहन चलाया। इस दौरान न सिर्फ युवती की जान खतरे में पड़ी, बल्कि सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी बड़ा जोखिम पैदा हो गया।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सेंदरी निवासी धर्मेंद्र सूर्यवंशी ने पूरे मामले की शिकायत कोनी थाने में दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।कोनी थाना पुलिस ने आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध कायम किया है।
पुलिस बोली - सड़क पर स्टंट जानलेवा साबित हो सकते हैं
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की स्टंटबाजी गंभीर हादसों का कारण बन सकती है। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना न सिर्फ खुद की जान के लिए खतरा है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा जोखिम बन जाता है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े बाकी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।