

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bingson John Arrested The 69 Year Old Conman Who Cheated 300 Five Star Hotels
रायपुर। देशभर के महंगे होटलों को अपना निशाना बनाने वाले 69 वर्षीय शातिर ठग विंग्सन जॉन को रायपुर पुलिस ने ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 10 से अधिक राज्यों में होटलों में ठगी, चोरी और धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह पिछले करीब 36 वर्षों से इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था और अब तक 300 से अधिक होटलों को अपना शिकार बना चुका है।
पुलिस जांच में सामने आया कि तमिलनाडु निवासी विंग्सन जॉन वर्ष 1990 से लगातार फाइव स्टार और लग्जरी होटलों में ठहरकर ठगी करता रहा है। वह अपनी पहचान छिपाने के लिए कभी विदेशी पर्यटकों का ट्रैवल गाइड, कभी अंग्रेजी शिक्षक तो कभी योग प्रशिक्षक बनकर होटल में कमरा बुक कराता था। सभ्य व्यवहार और धाराप्रवाह अंग्रेजी बोलने के कारण होटल प्रबंधन को उस पर आसानी से शक नहीं होता था।
रायपुर के तेलीबांधा स्थित होटल हयात में भी आरोपी ने 25 जून को कमरा लिया था। यहां उसने तीन दिन तक होटल की सुविधाओं का उपयोग किया। 27 जून को चेक-आउट किए बिना ही वह 63,755 रुपये का होटल बिल और करीब 1.48 लाख रुपये कीमत का लैपटॉप लेकर फरार हो गया। इस तरह होटल को कुल 2.12 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।
घटना के बाद रायपुर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल इनपुट के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान उसके भुवनेश्वर में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है। वह पहले भी कई राज्यों के होटल मालिकों को इसी तरह चूना लगा चुका है और करीब 15 वर्ष जेल में भी रह चुका है। वर्ष 1996 में तिहाड़ जेल में बंद रहने के दौरान उसने ठगी के नए तरीके सीखे और जेल से बाहर आने के बाद और अधिक शातिर ढंग से वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी होटलों में कई दिनों तक ठहरने के बाद बिना भुगतान किए फरार हो जाता था। कई मामलों में वह होटल का सामान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य कीमती वस्तुएं भी साथ ले जाता था। देश के दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में उसके खिलाफ धोखाधड़ी और चोरी के मामले दर्ज हैं।
फिलहाल रायपुर पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसने किन-किन राज्यों में वारदातों को अंजाम दिया और उसके साथ इस नेटवर्क में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।