

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Allegation of depositing ₹15 lakh into an account; mother files case against District Supply Officer daughter.
सहारनपुर। हापुड़ की जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) डॉ. सीमा चौधरी के खिलाफ उनकी मां मुनेश देवी की शिकायत पर धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डॉ. सीमा चौधरी ने अपनी कथित काली कमाई के 15 लाख रुपये उनकी जानकारी के बिना उनके बैंक खाते में जमा कराए और संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से उनके नाम पर फर्जी रसीदें तैयार कर नकली हस्ताक्षर किए।
मुनेश देवी का आरोप है कि उनकी बेटी भूमाफिया गिरोह से जुड़ी हुई है और उनकी संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि बेटी के दबाव के चलते उन्हें अपनी जमीन तक बेचनी पड़ी। शिकायत के आधार पर मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा, जिसके बाद जांच शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार, डीआईजी अभिषेक सिंह के निर्देश पर कराई गई प्रारंभिक जांच में शिकायत में लगाए गए कुछ आरोपों की पुष्टि हुई। जांच के दौरान संबंधित रसीदों को कूटरचित (फर्जी) पाया गया। इसके बाद सरसावा थाने में डॉ. सीमा चौधरी समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
सरसावा थाना प्रभारी प्रवेश कुमार शर्मा ने बताया कि मुनेश देवी की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन ने हापुड़ प्रशासन से गोपनीय रिपोर्ट तलब की है। रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने डॉ. सीमा चौधरी के जिले में कार्यकाल, व्यवहार और कार्यशैली की जांच भी शुरू करा दी है।
उधर, डॉ. सीमा चौधरी ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि यह पूरा मामला कैसे सामने आया। उन्होंने कहा कि यह किसी की साजिश प्रतीत होती है और इसके पीछे जो भी लोग होंगे, उनके खिलाफ वह कानूनी कार्रवाई करेंगी।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन दोनों स्तरों पर जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपों की सत्यता और मामले की वास्तविक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।