

Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bollywood actress and singer Sulakshana Pandit passes away
मुंबई। बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस और मशहूर प्लेबैक सिंगर सुलक्षणा पंडित का गुरुवार शाम हार्ट अटैक के चलते निधन हो गया। वे 71 वर्ष की थीं। जानकारी के मुताबिक, सुलक्षणा पंडित ने मुंबई के नानावटी हॉस्पिटल में आखिरी सांस ली।
जतिन-ललित की बहन और अभिनेत्री विजयता पंडित की बड़ी बहन थीं। उनके परिवार ने उनके निधन की पुष्टि की है। उनके भाई ललित पंडित ने बताया कि सुलक्षणा दीदी को कुछ दिनों से सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। हम उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन नानावटी हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो गया।
1954 में जन्मी सुलक्षणा पंडित ने 1975 में संजीव कुमार के साथ फिल्म उलझन से अभिनय की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने राजेश खन्ना, शशि कपूर, विनोद खन्ना जैसे शीर्ष अभिनेताओं के साथ काम किया। उनकी प्रमुख फिल्मों में संकोच, हेरा फेरी, चेहरा पे चेहरा, साहिबा और उलझन शामिल हैं।
एक्ट्रेस होने के साथ-साथ सुलक्षणा पंडित ने बतौर प्लेबैक सिंगर भी अपनी खास पहचान बनाई। उन्होंने तू ही सागर तू ही किनारा, परदेसिया तेरे देश में, बेकरार दिल टूट गया, बंधी रे काहे प्रीत, और सोमवार को हम मिले जैसे कई हिट गाने गाए।
उन्हें साल 1975 में फिल्म संकल्प के गीत तू ही सागर तू ही किनारा के लिए फिल्मफेयर बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।
हरियाणा के हिसार के एक प्रतिष्ठित संगीत परिवार से ताल्लुक रखने वाली सुलक्षणना पंडित प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित जसराज की भतीजी थीं। उन्होंने मात्र नौ वर्ष की उम्र में गाना शुरू किया था और अपने भाई मंधीर पंडित के साथ संगीत जगत में कदम रखा था।
सुलक्षणा पंडित ने शादी नहीं की थी। उनका नाम लंबे समय तक अभिनेता संजीव कुमार के साथ जोड़ा गया। दिलचस्प संयोग यह है कि संजीव कुमार की पुण्यतिथि 6 नवंबर को ही होती है, यानी सुलक्षणा पंडित के निधन से ठीक एक दिन पहले।