

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Brijmohan Agrawal's statement on discussions about his exclusion from the BJP core group, said - change in the organization is a normal process.
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की राजनीति में इन दिनों कोर ग्रुप को लेकर चर्चाएं तेज हैं। पूर्व मंत्री और सांसद बृजमोहन अग्रवाल को भाजपा के कोर ग्रुप से बाहर किए जाने की खबरों के बीच उन्होंने खुद सामने आकर स्थिति स्पष्ट की है। बृजमोहन अग्रवाल ने इसे संगठन की सामान्य प्रक्रिया बताते हुए कहा कि समय-समय पर संगठन में बदलाव होते रहते हैं और नए लोगों को अवसर देना जरूरी होता है।
“10 साल तक रहा कोर ग्रुप का सदस्य”
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि वह करीब 10 वर्षों तक भाजपा कोर ग्रुप के सदस्य रहे हैं। उन्होंने कहा, “संगठन में समय-समय पर बदलाव होता है। बदलाव होगा तभी नए लोगों को मौका मिलेगा, वे सीखेंगे और संगठन मजबूत होगा। यह पूरी तरह सामान्य प्रक्रिया है।”
दीपक बैज के तंज पर पलटवार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा किए गए तंज पर भी बृजमोहन अग्रवाल ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को पहले अपनी पार्टी की स्थिति देखनी चाहिए और भाजपा की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
कोर ग्रुप बैठक से दूरी पर उठे सवाल
भाजपा की हालिया कोर ग्रुप बैठक में बृजमोहन अग्रवाल की अनुपस्थिति को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई थीं। सूत्रों के अनुसार पहले उनके कार्यालय को बैठक में शामिल होने की सूचना दी गई थी, लेकिन बाद में उन्हें आने से मना कर दिया गया।
इसे लेकर कई तरह के राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि वह हाल ही में दिल्ली से लौटे हैं और उन्हें बैठक की स्पष्ट जानकारी नहीं थी।
“मैं अभी भी कोर ग्रुप का सदस्य हूं”
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि वह अभी भी भाजपा कोर ग्रुप के सदस्य हैं और हमेशा संगठन के महत्वपूर्ण फैसलों का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में उनकी भूमिका पहले की तरह बनी हुई है और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता जारी रहेगी।