

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Burning Truck: Massive fire breaks out in a moving truck on NH-130; driver and conductor save their lives by jumping out.
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में नेशनल हाईवे-130 पर मंगलवार तड़के एक चलती ट्रक में अचानक आग लग गई। घटना सिमगा थाना क्षेत्र के दामाखेड़ा गांव के पास ओवरब्रिज की है। ट्रक में आग लगते ही चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर दामाखेड़ा के पास चलती ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक और परिचालक ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही सिमगा पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने ट्रक में लगी आग को बुझा दिया। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि यातायात प्रभावित न हो और दूसरे वाहनों के लिए दुर्घटना का खतरा कम किया जा सके।
फिलहाल ट्रक में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
गौरतलब है कि इसी नेशनल हाईवे पर एक दिन पहले सुबह करीब 5:30 बजे यात्री बस खड़े ट्रक से टकरा गई थी। इस दर्दनाक हादसे में ड्राइवर और हेल्पर समेत 5 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 14 यात्री घायल हुए थे।
हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क के किनारे हटवा दिया था, ताकि मार्ग पर दोबारा कोई बड़ा हादसा न हो। लगातार दो दिनों में सामने आई इन घटनाओं ने नेशनल हाईवे पर वाहनों की सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर चिंता बढ़ा दी है।