

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Businessman’s convoy of luxury cars gets police escort in Raipur
रायपुर। राजधानी रायपुर में सराफा कारोबारी और जेवर महल के संचालक कार्तिक गिरि के लग्जरी कारों के काफिले को पुलिस एस्कॉर्ट दिए जाने का मामला सामने आया है। काफिले के आगे पुलिस की सफेद स्कॉर्पियो चलती नजर आई, जबकि पीछे चल रही लग्जरी कारों में सवार कुछ लोग चलती गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करते दिखाई दिए। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की भूमिका और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
काफिले के आगे चल रही थी पुलिस की स्कॉर्पियो
वायरल वीडियो में कई लग्जरी कारों का काफिला सड़क से गुजरता दिखाई दे रहा है। काफिले के सबसे आगे पुलिस की सफेद स्कॉर्पियो चल रही है। इसके पीछे महंगी कारों की लंबी कतार नजर आ रही है। इस दौरान कुछ लोग चलती कारों की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं।
सड़क पर इस तरह की लापरवाही से दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की जान खतरे में पड़ सकती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पुलिस वाहन की मौजूदगी के बावजूद इस तरह की गतिविधियां कैसे होती रहीं?
कारोबारी को किस आधार पर मिला पुलिस एस्कॉर्ट?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि कारोबारी कार्तिक गिरि के काफिले को पुलिस एस्कॉर्ट किस आधार पर उपलब्ध कराया गया था? पुलिस वाहन की तैनाती किस अधिकारी के आदेश पर हुई और इसके पीछे सुरक्षा संबंधी क्या कारण थे, इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।
निजी व्यक्ति को पुलिस सुरक्षा देने के लिए निर्धारित प्रक्रिया और सुरक्षा आकलन का पालन किया जाना जरूरी होता है। ऐसे में पुलिस एस्कॉर्ट की अनुमति और सरकारी वाहन के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
आम लोगों पर चालानी कार्रवाई, स्टंट करने वालों पर क्या होगा?
रायपुर पुलिस यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले आम वाहन चालकों के खिलाफ लगातार चालानी कार्रवाई करती है। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट नहीं लगाने और गलत दिशा में वाहन चलाने पर कार्रवाई की जाती है। वहीं, इस वायरल वीडियो में चलती कारों से बाहर निकलकर स्टंट करने वालों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल पुलिस विभाग की ओर से इस पूरे मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले की जांच कर एस्कॉर्ट देने के आधार और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर क्या कार्रवाई करती है।