

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Accident: Two tragic accidents in Rajnandgaon-Khairagarh, two children died after drowning in a dam, two died in a road accident.
राजनांदगांव/खैरागढ़। जिले में सोमवार को दो अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। एक ओर जहां साल्हेवारा बांध में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर चिचोला क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो बाइक सवारों की जान चली गई।
बांध में डूबे दो मासूम
साल्हेवारा बांध में नहाने गए ईटार गांव के तीन बच्चों में से दो की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 9 वर्षीय तनिश डहरे और 13 वर्षीय समीर सोनवानी के रूप में हुई है, जबकि 13 वर्षीय कुलेश्वर सोनवानी बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे सोमवार दोपहर बरबसपुर स्थित आटा चक्की में चावल पिसाने के लिए घर से निकले थे। काम खत्म करने के बाद भीषण गर्मी के चलते वे पास स्थित साल्हेवारा बांध में नहाने चले गए। नहाते समय पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं लग पाने से तनिश और समीर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
कुलेश्वर भी डूबने की कगार पर पहुंच गया था, लेकिन किनारे पर उगी झाड़ियों में फंसने से उसकी जान बच गई। वह किसी तरह बाहर निकलकर गांव पहुंचा और परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला। गातापार पुलिस की टीम भी पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल खैरागढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अज्ञात वाहन की टक्कर से दो की मौत
इसी जिले के चिचोला पुलिस चौकी क्षेत्र में रविवार रात करीब 11:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ग्राम रानीतालाब से पाटेकोहरा मार्ग पर बागनदी से चिचोला की ओर जा रही बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
हादसे में दर्राबांधा निवासी 50 वर्षीय भुवन कोर्राम और 28 वर्षीय पितांबर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं थी। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।