

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Corrupt BEO arrested in Sukma; had demanded a bribe of ₹80,000 from a female teacher; ACB nabbed him while accepting ₹10,000.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी की टीम ने सुकमा के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी चंद्र कुमार यार्दा को शिक्षिका से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बीईओ ने शिक्षिका की एरियर राशि निकालने के एवज में 80 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। पहली किस्त के तौर पर 10 हजार रुपये लेते ही एसीबी की टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक, सुकमा की एक शिक्षिका अपनी एरियर राशि निकालने के संबंध में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय पहुंची थी। आरोप है कि इस दौरान बीईओ चंद्र कुमार यार्दा ने एरियर राशि जारी करने के बदले उससे 80 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
शिक्षिका रिश्वत देने के पक्ष में नहीं थी। इसके बाद उसने मामले की शिकायत बस्तर स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच की और रिश्वतखोरी की पुष्टि के बाद ट्रैप की योजना तैयार की।
शिकायत के आधार पर बीईओ और शिक्षिका के बीच रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये देने पर सहमति बनी। तय योजना के अनुसार शिक्षिका 2 सितंबर को रिश्वत की रकम लेकर बीईओ कार्यालय पहुंची।
जैसे ही बीईओ ने शिक्षिका से 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, पहले से तैयार एसीबी की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी की गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही बीईओ कार्यालय और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। एसीबी की टीम ने रिश्वत की रकम बरामद कर बीईओ को हिरासत में लिया है।
फिलहाल एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम आरोपी बीईओ से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।