

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Horrific road accident in Rajnandgaon 4 died in collision between Scorpio and bike
राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले के छुरिया थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। ग्राम भोलापुर और शिकारी महका मोड़ के पास स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार तीन लोगों समेत स्कॉर्पियो में सवार एक बुजुर्ग की जान चली गई। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे। स्कॉर्पियो से हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
हादसे में स्कॉर्पियो में सवार चार लोगों में से एक 60 वर्षीय बुजुर्ग भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस तरह हादसे में कुल चार लोगों की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही छुरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की परिस्थितियों और टक्कर के कारणों को लेकर पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।