

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Major ACB action in Sakti; District Hospital's Civil Surgeon-in-charge arrested red-handed while accepting a bribe of ₹1 lakh.
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी बिलासपुर की टीम ने डभरा कॉलेज मोड़ के पास ट्रैप के दौरान की।
एसीबी के अनुसार, जिला अस्पताल में अटैच फार्मासिस्ट गंगा प्रसाद रत्नाकर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल पे-डेटा को सीएमएचओ कार्यालय भेजने के बदले 1 लाख रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की।
एसीबी बिलासपुर की टीम ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद अधिकारियों ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। आरोपी ने शिकायतकर्ता को अपने अस्थायी निवास डभरा बुलाया, जहां पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता ने रिश्वत की राशि सौंपी।
जैसे ही आरोपी ने 1 लाख रुपये की रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से मौके पर मौजूद एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से पूरी रिश्वत राशि बरामद कर ली गई।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आवश्यक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।