

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Preparations are in full swing to implement UCC in Chhattisgarh, the government will introduce the bill in the winter session - CM Sai
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि राज्य में इसे आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र में पारित करने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक जल्द आयोजित होगी, जिसके बाद UCC को विधायी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि समान नागरिक संहिता को लागू करने की दिशा में राज्य सरकार गंभीरता से काम कर रही है। समिति की बैठक के बाद उसकी अनुशंसाओं के आधार पर विधेयक तैयार किया जाएगा और इसे विधानसभा के शीतकालीन सत्र में पारित करने का प्रयास किया जाएगा।
कर्नाटक रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता "कश्मीर की तरह पत्थरबाजी" पर उतर आए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जो भी कानून हाथ में लेगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि वे कर्नाटक के सत्य साईं ग्राम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हो रहे हैं। इस दौरान वे कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों से भी मुलाकात करेंगे और समारोह में भाग लेंगे।
राज्य सरकार का कहना है कि समान नागरिक संहिता को लेकर गठित समिति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विधायी कदम उठाए जाएंगे। वहीं, कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि किसी भी प्रकार की हिंसक गतिविधि या कानून हाथ में लेने की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।