

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Rajya Sabha Election: Indian National Congress nominates Phoolodevi Netam, Sonia-Rahul's choice
रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने छत्तीसगढ़ की राज्यसभा की एक सीट के लिए सभी दावेदारों को दरकिनार करते हुए फूलोदेवी नेताम के नाम पर मुहर लगा दी है। उनका वर्तमान कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है और पार्टी ने उन्हें दोबारा मौका दिया है।
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी अपने कोटे की सीट पर महिला प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा का नाम तय कर सकती है। इसे देखते हुए कांग्रेस ने भी महिला उम्मीदवार उतारने का फैसला किया। भाजपा जहां ओबीसी कार्ड खेलने की तैयारी में है, वहीं कांग्रेस ने आदिवासी कार्ड पर दांव लगाया है।
प्रदेश की राजनीति में इस बार आदिवासी दावेदारों की संख्या अधिक थी। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत और मोहन मरकाम समेत कई नाम चर्चा में थे। वहीं महिला और ओबीसी वर्ग से किरणमयी नायक का नाम भी सामने आया था।
इन सबके बीच अचानक फूलोदेवी नेताम का नाम आगे बढ़ा। पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश संगठन का समर्थन उनके साथ था और केंद्रीय नेतृत्व भी उन्हें ही दोबारा भेजने का इच्छुक था। उनकी सोनिया गांधी और राहुल गांधी से राजनीतिक निकटता को भी अहम माना जा रहा है।
माना जा रहा है कि बस्तर और सरगुजा अंचल में हालिया चुनावी प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेस ने आदिवासी प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता दी है। इसे भाजपा के संभावित ओबीसी उम्मीदवार के जवाब में रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
फूलोदेवी नेताम मूलतः कोंडागांव जिले के नया आलोर गांव की निवासी हैं। उन्हें 14 सितंबर 2020 को छत्तीसगढ़ कोटे से राज्यसभा भेजा गया था।
25 मई 2013 को झीरम घाटी नक्सल हमला में वे बाल-बाल बची थीं। इस हमले में वरिष्ठ कांग्रेस नेता विद्याचरण शुक्ल, महेंद्र कर्मा और नंद कुमार पटेल समेत दो दर्जन से अधिक नेताओं की मौत हो गई थी।
फूलोदेवी नेताम छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रह चुकी हैं और विधायक के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं। पार्टी ने उन पर दोबारा भरोसा जताते हुए राज्यसभा के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है।