

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Alert: Impact of cyclonic storm 'Akwan' to be felt in Chhattisgarh; heavy rain alert issued for 7 districts.
रायपुर। ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में सक्रिय रहे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई है। वहीं, राज्य के सात जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा कई इलाकों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ 20 नवंबर को कमजोर होकर गहरे अवदाब में बदल गया। फिलहाल यह उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। अगले कुछ घंटों में इसके और कमजोर होकर अवदाब तथा फिर स्पष्ट कम दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील होने की संभावना है। इस मौसमी प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 21 नवंबर को राजधानी रायपुर में आसमान मेघमय रहने की संभावना है। शहर के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं, कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
जिन जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, उनमें बलरामपुर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सरगुजा शामिल हैं। इन जिलों के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, दो दिन बाद भी प्रदेश के कुछ इलाकों में मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो सरगुजा और अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पेण्ड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के जारी आंकड़ों के अनुसार, नया बाराद्वार में सबसे अधिक 3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बसना, छुरा, बागबाहरा और मालखरौदा में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा हुई।
वहीं, सरायपाली, पिथौरा, सेवरीनारायण, कोमाखान, चंद्रपुर, बम्हनीडीह, महासमुंद, नवागढ़, गरियाबंद, गोबरा नवापारा, भोथिया, राजिम, हसौद और पलारी में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
प्रदेश में बारिश, तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर अलर्ट वाले जिलों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी जाती है।