

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather: Impact of Cyclone Akwan to be felt in Chhattisgarh; heavy rain expected in southern regions on November 20-21.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहा पोस्ट मानसून सीजन का तीसरा तूफान ‘अकवान’ प्रदेश में बारिश की वजह बन सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन आज शाम तक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके प्रभाव से 20 और 21 नवंबर को छत्तीसगढ़ के दक्षिणी इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में हल्की बारिश के आसार जताए गए हैं।
राजधानी रायपुर में 17 नवंबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल राजधानी के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा और किसी भी स्थान पर उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई। तापमान की बात करें तो राजनांदगांव में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने फिलहाल प्रदेश के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि, अगले दो दिनों के बाद मौसम में बदलाव होने की संभावना है। अनुमान है कि प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। खासकर दक्षिणी छत्तीसगढ़ में चक्रवात का प्रभाव ज्यादा देखने को मिल सकता है।
बंगाल की खाड़ी में 25 दिनों के भीतर तीसरा तूफान बनने की स्थिति बन रही है। समुद्र के पानी का तापमान अनुकूल बने रहने और हवाओं की अनुकूल परिस्थितियों के कारण चक्रवाती गतिविधियां लगातार सक्रिय हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 16 नवंबर को बना डीप डिप्रेशन 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।
इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 19 नवंबर को बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में आंध्र प्रदेश तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है। 20 नवंबर को इसके आंध्र प्रदेश और यानम के तटों को पार करने की संभावना है। इस तूफान का असर कई राज्यों के मौसम पर पड़ सकता है, जिसमें छत्तीसगढ़ भी शामिल है।