

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather: Monsoon active in Chhattisgarh; rain expected for a week; 'Yellow Alert' issued for several districts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक बारिश की संभावना जताई गई है। राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से ही बूंदाबांदी और घने बादलों का डेरा बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में भी उत्तरी छत्तीसगढ़ में बारिश का सबसे अधिक असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार से शुरू हुआ भारी बारिश का दूसरा दौर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकता है। फिलहाल अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। भारी वर्षा कुछ चुनिंदा स्थानों तक सीमित रह सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ दिनों के विराम के बाद बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बनने की संभावना है, जिससे प्रदेश में फिर अच्छी बारिश हो सकती है।
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रतापपुर में सबसे अधिक 11 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा लवन और बलौदाबाजार में 7-7 सेंटीमीटर, मनोरा में 6 सेंटीमीटर तथा दरगी, ओडगी, पलारी और माना में 5-5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा और मुंगेली जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने और बारिश की संभावना जताई है।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों पर नहीं रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है। मानसून की सक्रियता को देखते हुए नदी-नालों के आसपास भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।