

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather: Rain alert in Chhattisgarh amidst cold conditions; weather to change from November 19 to 21, with the impact of Cyclone Akwan expected.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ने लगा है। सुबह और रात के समय ठिठुरन महसूस होने लगी है। लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा ले रहे हैं। इस बीच प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों के बाद छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर शुरू हो सकता है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे संभावित चक्रवाती तूफान अकवान का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ने की आशंका है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में 25 दिनों से भी कम समय में तीसरे तूफान के बनने की संभावना है। रविवार को बना वायुमंडलीय अवदाब आज चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। वहीं, 17 नवंबर तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका है। इसे संभावित रूप से 'अकवान' नाम दिया जा सकता है। इस सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के दक्षिणी और उत्तरी हिस्सों में बारिश होने के संकेत हैं।
संभावित चक्रवात अकवान के प्रभाव से दक्षिणी छत्तीसगढ़ में 19 नवंबर से बारिश शुरू हो सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 19 से 21 नवंबर के बीच प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 20 नवंबर को दक्षिणी छत्तीसगढ़ और 21 नवंबर को उत्तरी इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
चक्रवाती तूफान का असर छत्तीसगढ़ के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी देखने को मिल सकता है। यहां 18 नवंबर से बारिश का दौर शुरू होने की आशंका है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम के संभावित खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने सभी जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
राजधानी रायपुर में फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज आसमान साफ रह सकता है। यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। फिलहाल राजधानी में बारिश के आसार नहीं हैं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 15 नवंबर को प्रदेश में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले चार दिनों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, इसके बाद चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में बारिश हो सकती है। ऐसे में समर्थन मूल्य (MSP) पर धान बेचने की तैयारी कर रहे किसानों की चिंता बढ़ सकती है। बारिश होने से धान खरीदी केंद्रों और खुले में रखे धान पर असर पड़ने की आशंका है। ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति पर किसानों और प्रशासन की नजर बनी रहेगी।