

Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather: Signs of increasing cold in Chhattisgarh, mercury may fall in the next three days, possibility of light rain in some districts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब मौसम बदलने के संकेत साफ दिखने लगे हैं। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कमजोर पड़ने के कारण नमी की मात्रा घट रही है, जिससे राज्य में ठंड धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि अगले दो दिनों में यह गिरावट चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को बस्तर संभाग के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद राज्य के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं, उत्तर छत्तीसगढ़ में 6 नवंबर से और मध्य व दक्षिण छत्तीसगढ़ में 7 नवंबर से ठंड बढ़ने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी और म्यांमार के आसपास बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा में चक्रीय परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) करीब 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है। यह सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है, जिससे बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी की मात्रा में कमी हो रही है।
बीते 24 घंटों में अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम है। वहीं, मनेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में रातें और ठंडी होंगी तथा सुबह-शाम के समय लोगों को रजाई और कंबल का सहारा लेना पड़ेगा।
राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। दिन का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।