

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Today: New system active in the Bay of Bengal; rainfall intensity to increase again in Chhattisgarh.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सावन माह बीतने के बाद भी बारिश का दौर जारी रहने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए मौसम तंत्र के प्रभाव से प्रदेश में एक बार फिर मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज 29 अगस्त से बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ सकती है। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं।
प्रदेश में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से करीब 3 प्रतिशत कम है। नए सिस्टम के सक्रिय होने से बारिश की कमी काफी हद तक पूरी होने की उम्मीद है।
राजधानी रायपुर में 29 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
रक्षाबंधन के दिन राजधानी में बारिश से राहत रही और अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री तक पहुंच गया था।
शनिवार को उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई। कुसमी में सर्वाधिक 7 सेमी बारिश दर्ज की गई। रामानुजगंज और भैसमा में 6-6 सेमी, जबकि कुनकुरी, वाड्रफनगर, कोरबा और करतला में 5-5 सेमी बारिश हुई।
बलरामपुर, राजपुर, कांसाबेल, प्रतापपुर और पोड़ी में 4-4 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान दुर्ग में अधिकतम 31.5 डिग्री और पेंड्रा रोड में न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 29 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल तथा उत्तर ओडिशा तट पर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
अगले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने तथा एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है।