

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Today: Weather in Chhattisgarh to change from today; rainfall to pause, temperatures to rise.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज बुधवार से मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जबकि मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अच्छी वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार अब बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। राजधानी रायपुर में भी दो दिनों बाद सुबह धूप निकली, जिससे मौसम में बदलाव के संकेत मिले हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। वहीं, एक-दो स्थानों पर वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। हालांकि, प्रदेशभर में बारिश की तीव्रता कम रहने के साथ तापमान बढ़ने के आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है और कमजोर पड़ सकता है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण लगभग 9.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से बांग्लादेश तक उत्तर छत्तीसगढ़ होकर गुजर रही मौसमी द्रोणिका और उत्तर-पूर्व अरब सागर से बांग्लादेश तक विस्तारित दूसरी द्रोणिका भी प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रही है।
मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा हुई। वहीं, राजधानी रायपुर में शाम के समय केवल हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली।
मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान राजनांदगांव और पेंड्रा रोड में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर में बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवा चलने का अनुमान जताया है। शहर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।