

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather: Monsoon active across Chhattisgarh; heavy rain likely over the next 7 days.
रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अब पूरे छत्तीसगढ़ को कवर कर लिया है। मौसम विभाग के अनुसार आज से प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी वर्षा दर्ज की गई है। आगामी सात दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने के संकेत हैं।
राजधानी रायपुर में मंगलवार की तरह बुधवार को भी आसमान में घने बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह से उमस के बाद हल्की बारिश और बूंदाबांदी का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने शहर में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर 1.5 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से 3 जुलाई को उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से रायपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में कुसमी में सर्वाधिक 9 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा पखांजूर में 7 सेंटीमीटर, चंद्रपुर, मर्दापाल, गिधौरी और टुंड्रा में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई। शिवरीनारायण, कोटा और दंतेवाड़ा में 4-4 सेंटीमीटर, जबकि पौडी उपरोरा, गीदम, सामरी और दोरनापाल में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के कई अन्य क्षेत्रों में 1 से 2 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज हुई।
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। बलरामपुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, कांकेर, कोंडागांव, कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, मुंगेली, नारायणपुर, रायगढ़, सूरजपुर और सरगुजा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और बारिश की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में मंगलवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लगातार बारिश की गतिविधियां बढ़ने से आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट तथा उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।