

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Romantic affair leads to murder: Lover conspires with wife, hires contract killers for ₹4 lakh to have the woman murdered; 9 accused arrested.
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जोंगरा गांव में 26 जून को हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे प्रेम संबंधों का विवाद था। आरोप है कि महिला के प्रेमी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची और 4 लाख रुपये की सुपारी देकर शूटरों से हत्या करवाई। इस मामले में पुलिस ने झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से जुड़े कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून को पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की उसके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच शुरू की, जिसमें कई अहम सुराग हाथ लगे।
जांच में पता चला कि मृतका पूर्णिमा का मुख्य आरोपी मुरलीशंकर के साथ प्रेम संबंध था। समय के साथ यह संबंध विवाद का कारण बन गया। इसके बाद मुरलीशंकर ने अपनी पत्नी चम्पा चौहान के साथ मिलकर पूर्णिमा की हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने खुद हत्या करने के बजाय सुपारी किलरों की मदद लेने का फैसला किया। इसके लिए 4 लाख रुपये में सौदा तय किया गया। वारदात को अंजाम देने के लिए झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से जुड़े अपराधियों को शामिल किया गया।
हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए सक्ती पुलिस ने पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया और तीन राज्यों से जुड़े कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
मुख्य आरोपी मुरलीशंकर के कब्जे से एक पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, तीन खाली खोखे, मोबाइल फोन, नकदी तथा वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई है। अन्य आरोपियों से भी महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे षड्यंत्र और नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।