

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Mahtari Vandan Yojana: e-KYC completed for 97.58% of women; July installment for 1.58 lakh beneficiaries to be withheld for now.
रायपुर। महतारी वंदन योजना के तहत आधार आधारित ई-केवाईसी की निर्धारित समय-सीमा 30 जून को समाप्त हो गई है। राज्य में कुल 65.30 लाख सक्रिय हितग्राहियों में से 63.72 लाख महिलाओं (97.58%) का ई-केवाईसी सत्यापन पूरा हो चुका है, जबकि करीब 1.58 लाख हितग्राहियों की प्रक्रिया अब भी लंबित है।महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, जिन महिलाओं की ई-केवाईसी पूरी नहीं हुई है, उन्हें जुलाई माह की एक हजार रुपये की किस्त फिलहाल जारी नहीं की जाएगी। हालांकि, बाद में ई-केवाईसी पूरी होने पर वे दोबारा योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगी।
ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराने के लिए विभाग ने पिछले तीन महीनों तक पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाया। आंगनबाड़ी केंद्रों और विशेष शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में हितग्राहियों का आधार सत्यापन कराया गया। अंतिम दिनों में भी काफी महिलाओं ने ई-केवाईसी पूरी कराई, जिससे सत्यापन का आंकड़ा 97.58 प्रतिशत तक पहुंच गया।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग जिलों में 96 प्रतिशत से अधिक हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। वहीं राजनांदगांव और रायगढ़ में यह आंकड़ा 98 प्रतिशत से भी अधिक दर्ज किया गया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव ने बताया कि बस्तर संभाग में ई-केवाईसी की प्रगति अन्य क्षेत्रों की तुलना में अपेक्षाकृत कम रही है। इसे देखते हुए वहां सत्यापन की अवधि बढ़ाने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके।