

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Rainfall intensity to increase in Chhattisgarh starting today; cloudy skies expected in Raipur; heavy rain and lightning alerts issued for several districts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून धीरे-धीरे सक्रिय होता नजर आ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है, जबकि राजधानी रायपुर में अब भी अच्छी बारिश का इंतजार बना हुआ है। मंगलवार से आषाढ़ मास की शुरुआत के साथ लोगों को झमाझम बारिश की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 1 जुलाई से प्रदेशभर में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने का अनुमान जताया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में कहीं न कहीं बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सक्ती, कोंटा, नानगुर, भोपालपटनम, तोकापाल, तिल्दा और मुंगेली में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं मर्रीबंगला देवरी, नारायणपुर, जगरगुंडा और जगदलपुर में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। हरदीबाजार, मनोरा, चंद्रपुर, नवागढ़, पेंड्रा, छुरिया, खरसिया, खैरागढ़, भोथिया और गंगालूर में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार समुद्र तल पर मौसमी द्रोणिका पंजाब से हरियाणा, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक बनी हुई है। वहीं उत्तरी तेलंगाना और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश से बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम होते हुए मणिपुर तक 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर पूर्व-पश्चिम द्रोणिका बनी हुई है। इन सभी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। साथ ही एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और भारी वर्षा की चेतावनी भी जारी की गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में प्रदेशभर में मानसून और अधिक सक्रिय होगा, जिससे बारिश का दायरा बढ़ेगा और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिलेगी।