

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Monsoon arrives in Chhattisgarh: Starts in Dantewada; rainfall to intensify over the next 48 hours.
रायपुर। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने सोमवार को दंतेवाड़ा जिले से मानसून के प्रदेश में प्रवेश की आधिकारिक पुष्टि की। इसके साथ ही राज्यभर में मौसम का मिजाज बदलने लगा है और अगले 24 से 48 घंटों के दौरान कई जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई गई है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार 22 जून 2026 को दक्षिण-पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पहुंचा। मानसून की उत्तरी सीमा अलीबाग, पुणे, निजामाबाद, दंतेवाड़ा, बलांगीर, सुंदरगढ़, चतरा, गया और मुजफ्फरपुर होते हुए आगे बढ़ रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अनुकूल परिस्थितियों के चलते आने वाले दिनों में मानसून पूरे प्रदेश में तेजी से सक्रिय होगा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून के सक्रिय होने के साथ प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों में बारिश का दायरा और अधिक बढ़ने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलेगी।
मानसून के आगमन से किसानों में उत्साह का माहौल है। खरीफ फसलों की बुवाई के लिए अनुकूल मौसम बनने लगा है और पर्याप्त वर्षा होने पर कृषि गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान बारिश का इंतजार कर रहे थे, जो अब पूरा होता नजर आ रहा है।
मौसम विभाग ने दोपहर 12:26 बजे जारी नाउकास्ट अलर्ट में कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसकी वैधता दोपहर 3:26 बजे तक रहेगी। इस दौरान मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा और सूरजपुर शामिल हैं। इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी दी गई है।
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लेने तथा किसानों और यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि मानसून की सक्रियता के साथ प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह बदल सकता है।