

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Boat capsizes in Surajpur's Batra Dam: 3 villagers drown; bodies of 2 recovered, search on for the third.
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के करंजी चौकी क्षेत्र स्थित बतरा डैम में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। मछली पकड़ने गए 9 ग्रामीणों से भरी नाव अचानक पलट गई, जिससे 3 ग्रामीण डैम में डूब गए। लगभग 15 घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद 2 ग्रामीणों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक व्यक्ति की तलाश अब भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 2 बजे ग्राम राई, भैयाथान और उचडिह के 9 ग्रामीण नाव में सवार होकर डैम में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे के बाद 6 ग्रामीण तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि 3 लोग गहरे पानी में डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों में हड़कंप मच गया। करंजी पुलिस और डीडीआरएफ (डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) की टीम मौके पर पहुंची और रात से ही खोजबीन शुरू कर दी। मंगलवार को चले रेस्क्यू अभियान के दौरान दो ग्रामीणों के शव बरामद किए गए। तीसरे लापता ग्रामीण की तलाश जारी है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बतरा डैम में पहले मछली पालन का ठेका दिया गया था। लीज अवधि समाप्त होने के बाद डैम में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसके बावजूद ग्रामीण चोरी-छिपे रात के समय जाल बिछाकर मछली पकड़ने पहुंचे थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक नाव में संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ।
समयलाल (45 वर्ष), निवासी ग्राम राई
जगलाल (45 वर्ष), निवासी ग्राम राई
कंवल साय, निवासी भैयाथान
लालजी
विजय प्रसाद
वेद कुमार
कामेश्वर
होल्डर
राजकुमार
प्रशासन ने लोगों से प्रतिबंधित क्षेत्रों में मछली पकड़ने और बिना सुरक्षा उपायों के जलाशयों में जाने से बचने की अपील की है। वहीं, डीडीआरएफ की टीम लापता ग्रामीण की तलाश में लगातार अभियान चला रही।